Edited by: आरिफ खान मंसूरी | Monday August 19, 2019
पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने रविवार को बताया कि अब भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से संभावित 13 या 14 मंत्रियों की सूची की मंजूरी का इंतजार है, जिन्हें पहले चरण में शपथ लेनी है. येदियुरप्पा और प्रदेश नेतृत्व को उम्मीद है कि मंत्रियों के नाम शामिल करने को लेकर सोमवार को आलाकमान से स्पष्ट निर्देश मिल जाएंगे. राज्य में 22 दिनों से अकेले सरकार चला रहे येदियुरप्पा ने मंत्रिमंडल विस्तार प्रक्रिया 20 अगस्त को पूरी करने की पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से शनिवार को मंजूरी ली थी. येदियुरप्पा ने 26 जुलाई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और 29 जुलाई को विधानसभा में बहुमत साबित किया था. हालांकि, अभी तक राज्य मंत्रिमंडल में उन्होंने किसी सदस्य को शामिल नहीं किया है. इस बीच, मंगलवार सुबह मंत्रिमंडल विस्तार से पहले होने वाली भाजपा विधायक दल की बैठक स्थगित कर दी गई है.
ndtv.in